भोपाल। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने दिग्विजय सिंह पर जमकर हमला बोला। वल्लभ भवन क्षेत्र में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए साध्वी ने कहा कि मीडिया वाले पूछते हैं कि आपको दिग्विजय सिंह ने बेटी कहा है। दरअसल, यह सबसे बड़ा मजाक है। क्योंकि इनके डीएनए में ही गड़बड़ है। इनमें और इनकी पीढ़ियों में संस्कार नहीं हैं। उन्होंने एक बार फिर दिग्विजय सिंह के लिए अशोभनीय शब्द इस्तेमाल किए।
साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय ने एक बार फिर भगवा को अपमानित करने का काम किया है। यज्ञ, हवन, भंडारे के बहाने साधुओं को बुला कर उन्होंने अपना प्रचार करवाया। साध्वी ने कहा कि कुछ साधु उनके पास आए और उन्होंने बताया कि हमारे साथ भयानक धोखा हुआ है। उनके कुकर्म इतने हैं कि चाहे कितना भी यज्ञ हवन कर लें, कर्मचारी और यहां की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
साध्वी ने चुनाव को को धर्म और अधर्म की लड़ाई बताते हुए कहा कि आखिर में धर्म की विजय होगी और अधर्म का नाश होगा। राष्ट्र भक्तों को आतंकवादी कहा है। सैनिकों की कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया है। इन्हें राष्ट्र और यहां के लोग कभी क्षमा नहीं करेंगे।
